पादरी बाजार (गोरखपुर)। पिपराइच क्षेत्र के हैदरगंज निवासी 50 वर्षीय प्रभु प्रजापति की सांड के हमले में मौत हो गई। वह शहर के एक निजी कार्यालय में लिपिक थे। बुधवार शाम ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौटते समय शाहपुर इलाके के जेल बाईपास रोड पर सांड ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रभु ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, जंगल धूसड़ स्थित हैदरगंज टोला निवासी प्रभु प्रजापति बुधवार शाम करीब छह बजे शहर से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। वह जेल बाईपास रोड पर पहुंचे थे तभी सड़क पर घूम रहे छुट्टा सांड ने अचानक उनकी बाइक पर हमला कर दिया। टक्कर लगने से प्रभु बाइक समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को शाहपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभु के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है। पिता की मौत की जानकारी मिलने पर अहमदाबाद में रह रही एक बेटी भी गोरखपुर के लिए रवाना हो गई। शाहपुर थाना प्रभारी अंजय सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है।