चिलुआताल (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के बरगदवां चौराहे के बगल में स्थित एक होटल में खाना खाकर निकले अधेड़ की अचानक तबीयत बिगड़ गई। चक्कर खाकर वह नीचे गिर गया। सूचना पर पहुंची बरगदवां चौकी पुलिस एंबुलेंस से उसे सदर अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा। मृतक की जेब में मिले कागजातों से उसकी पहचान महराजगंज निचलौल बूढ़ाडीह निवासी बाबूलाल (45) पुत्र फेकू के रूप में हुई। शनिवार की रात करीब 10 बजे के आस-पास बरगदवां चौराहे के बगल में संचालित पूजा होटल में अधेड़ खाना खाने के बाद बाबूलाल होटल के सामने ही गिर गया। होटल संचालक द्वारा तत्काल इसकी सूचना बरगदवां चौकी को दी गई।