चौरीचौरा क्षेत्र के भटगावां पंचायत भवन के सामने मैजिक ने परीक्षा देने जा रही दो चचेरी बहनों को ठोकर मार दी। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मैजिक चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया। कुछ दूर आगे जाने के बाद मैजिक छोड़कर भाग गया।
घायल संजना का अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और सीओ चौराचौरी अनुराग सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। बेलवा बाबू निवासी हरिचरण ने मैजिक चालक पर जानबूझकर बेटी और भतीजी को कुचलने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने इस मामले में चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर देर शाम चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
चौरीचौरा क्षेत्र के गांव के दो भाइयों की बेटी बीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई करती हैं। रविवार की सुबह 10:40 बजे दोनों एक साथ परीक्षा देने के लिए काॅलेज जा रही थीं।
भटगावां गांव के पंचायत भवन के सामने पहुंची ही थी कि पहले से वहां मैजिक लेकर खड़े चालक ने तेज रफ्तार में आते हुए उन्हें ठोकर मार दी। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। उधर घटना की जानकारी होने पर रिंकी और संजना के पिता भी मौके पर पहुंच गए।
इस संबंध में एसपी नार्थ जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा गया। जांच के लिए डीवीआर कब्जे में ले लिया गया है। अब तक की जांच में दुर्घटना का मामला सामने आया है। मैजिक को कब्जे में लेने के बाद चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है।