- गोरखनाथ इलाके की घटना, केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
- गोरखनाथ इलाके का मामला, केस दर्ज कर पुलिस कर रही तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके में इंटर की छात्रा का रास्ते में वीडियो बनाने और फिर घर में घुसकर छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि घरवालों के आने पर शोहदे ने धक्का देकर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस आरोपी दशहरी बाग निवासी काशिम उर्फ गोलू पर केस दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ इलाके में रहने वाले पिता ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह मजदूरी करके जीवन यापन करते हैं। बेटी इंटर की छात्रा है। कॉलेज आते-जाते आरोपी गोलू उसका वीडियो बनाता रहता था। लोकलज्जा के डर से बेटी ने कभी बताया नहीं, लेकिन एक दिन उसने मां से इस बारे में बताई थी। मां ने बेटी को रास्ता बदलकर आने-जाने की सलाह दी थी।
इसी बीच आरोपी शनिवार की रात में घर में दाखिल हो गया। उस समय बेटी आगे वाले कमरे में थी और परिवार वाले दूसरे कमरे में थे। आरोपी आते ही अश्लील हरकत करने लगा। बेटी के शोर मचाने पर बगल के कमरे से घरवाले आए तो आरोपी जान माल की धमकी देकर फरार हो गया। बेटी ने बताया कि आरोपी पिछले कई दिनों से परेशान कर रहा है।