गगहा इलाके के एक गांव में बृहस्पतिवार रात प्रेमिका से मिलने आए युवक की भनक लगने पर परिजनों ने बाहर से कमरा बंद कर दिया। बाद में कमरे की तलाशी लेने पर वह बॉक्स में छिपा मिला। पूछताछ में वह विवाहिता का चचेरा भाई निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गगहा इलाके के युवक की शादी 24 अप्रैल 2024 को क्षेत्र के ही एक गांव की युवती से हुई है। शादी के कुछ दिन बाद पति चंडीगढ़ कमाने चला गया। इस बीच विवाहिता का चचेरा भाई चोरी छिपे उससे मिलने आने लगा। बृहस्पतिवार की रात घर में सो रहीं सास को बहू के कमरे में किसी युवक के होने की आहट सुनाई दी।
वह दरवाजा खुलवाने लगीं। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने झरोखे से कमरे में देखा तो बहू के बिस्तर के पास जूता और मोजा दिखाई दिया। सास ने कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी और घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी। जब घर के लोग दरवाजा खोलकर कमरे की तलाशी लिए तो एक युवक कमरे के अंदर रखे बड़े बॉक्स में छिपा मिला। पकड़ा गया युवक विवाहिता के सगे चाचा का लड़का है। घर वालों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
पकड़े गए युवक ने बताया कि दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। परिजन ने इसकी जानकारी पुलिस और मायके वालों को दी। पुलिस दोनों से बात की तो वे शादी करने पर अड़ गए। गगहा थाने में दो घंटे तक चली पंचायत में कोई निर्णय नहीं निकला। पति के आने पर निर्णय लेने पर परिजन राजी हुए। इसके बाद विवाहिता को मायके भेज दिया गया।