मोबाइल रिचार्ज न होने पर ऑलनाइन दर्ज कराए थे शिकायत
जालसाज ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताकर किए थे काल
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एक संचार कंपनी का मोबाइल रिचार्ज नहीं होने के बाद भी कटे रुपये को वापस पाने के चक्कर में एक शख्स जालसाजी का शिकार हो गया। जालसाज ने कंपनी का कर्मचारी बनकर फोन किया और दो खातों से एक लाख 60 हजार रुपये की रकम निकाल ली। एसएसपी के आदेश पर शाहपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस साइबर एक्सपर्ट की मदद से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, जटेपुर उत्तरी निवासी रामलखन यादव ने केस दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि वह एक संचार कंपनी का नंबर चलाते हैं। उनका एसबीआई रेलवे कॉलोनी और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा सिनेमा रोड में खाता है।
12 नंबर 2023 को रिचार्ज के लिए अपने खाते से दो बार रकम भेजी, लेकिन रिचार्ज नहीं हुआ। खाते से पैसा कट गया, जिसकी सूचना कंपनी में कस्टमर केयर नंबर 121 को और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ऑनलाइन नंबर को देकर शिकायत दर्ज की गई। 17 दिसंबर 2023 को कंपनी के लोगों का फोन आया।
कहा गया कि आपका पैसा वापस किया जा रहा है। इसी तरह से बात करते हुए मेरा मोबाइल हैक करके स्टेट बैंक के खाते से 60 हजार 500 रुपये और यूनियन बैंक के खाते से 99 हजार 999 रुपये निकाल लिए गए। अब पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।