गोरखपुर जिले में कोतवाली इलाके के आर्यनगर में पुलिसकर्मी बनकर सिद्धार्थनगर के व्यापारी से एक लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। सादे ड्रेस में पहुंचे बदमाशों ने खुद को पुलिस वाला बताया। फिर चेकिंग के नाम पर व्यापारी के एक लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थनगर के ककरहवा के रहने वाले छेदी जायसवाल किराना व्यापारी हैं। वे बुधवार को किराने का सामान खरीदने गोरखपुर आए थे। अभी वे साहबगंज मंडी जा रहे थे कि अलीनगर चौराहे पर दो बाइक पर सवार चार लोगों ने उन्हें रोक लिया।
खुद को पुलिस वाला बताकर उनकी चेकिंग शुरू कर दी और उनके पास मौजूद बैग ले लिया। बैग में कुछ न मिलने पर बदमाशों ने उनकी पॉकेट की तलाशी ली और एक लाख रुपये निकाल लिए। पूछने पर बदमाशों ने कहा, चौकी पर चलो, वहां लिखा-पढ़ी के बाद रुपये वापस हो जाएंगे।
इसे भी पढ़ें: BRD के डॉक्टरों ने किया कमाल: टीबी ने छीन ली थी आंखों की रोशनी, साढ़े तीन दशक पुरानी विधि से लौटी वापस
अभी व्यापारी कुछ समझ पाते कि इससे पहले बदमाश रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया की केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।