खोराबार थाना क्षेत्र के मोतीराम अड्डा में संचालित खुशी हॉस्पिटल से दबंग असलहे के बल पर संचालक से 15,000 रुपये छीन कर धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
खुशी हॉस्पिटल के संचालक लोलारक ठाकुर पुत्र खूब लाल ठाकुर ने आरोप लगाया कि दो माह पहले एक व्यक्ति खुद को पत्रकार बताकर हॉस्पिटल संचालन के नाम पर 20,000 रुपये प्रतिमाह की मांग कर रहा था। नहीं देने पर अस्पताल बंद कराने की धमकी देकर चला गया। चार सितंबर को एडिशनल सीएमओ के साथ आया और उसकी गैर मौजूदगी में अस्पताल को सील करा दिया।
मंगलवार को दोबारा अस्पताल पहुंचा और सील होने के बावजूद भी धमकी देते हुए एक लाख रुपये की मांग करने लगा। नहीं देने पर असलहे के बल पर जेब से 15,000 निकाल कर फरार हो गया। इस संबंध में खोराबार थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।