जांच की गई तो पता चला कि सीयर में रामेश्वर कुमार पुत्र मुन्नी लाल यादव माता का नाम सुदामी देवी पत्नी रिंकी यादव के नाम-पता का व्यक्ति निवास करता है। फिर पता चला कि उसने अपना नाम बदलकर राम ईश्वर पुत्र मुन्नीलाल यादव नाम से पासपोर्ट बनवा लिया था।
पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही थी, लेकिन आरोपी विदेश में था। पुलिस ने इस मामले में लुकआउट नोटिस जारी किया था, जिसके बाद आरोपी को एयरपोर्ट अथारिटी की जांच टीम ने पकड़ लिया है।
19 केस में जारी है लुकआउट नोटिस
नौ जनवरी 2024 को एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने जिले के साउथ इलाके के कई थानों में दर्ज फर्जी पासपोर्ट बनवाने के आरोप में पासपोर्ट एक्ट के तहत दर्ज केस की समीक्षा की। पता चला कि बड़हलगंज, गोला, गगहा, बेलीपार, खजनी आदि थानों में वर्ष 2022 व 2023 में दर्ज 19 केस की विवेचना अभी तक लंबित है, क्योंकि आरोपी वर्तमान में विदेश में हैं।
विवेचनाओं को पूरा व आरोपियों पर कार्रवाई के लिए एसएसपी ने मातहतों को निर्देशित किया है। एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करा दिया था। इसी के तहत पहली कामयाबी पुलिस को मिली है।
यह होता है लुकआउट नोटिस
लुकआउट नोटिस एक परिपत्र होता है, जिसका उपयोग भारत में अधिकारियों की ओर से यह जांचने के लिए किया जाता है कि कोई यात्रा करने वाला व्यक्ति पुलिस द्वारा वांछित है या नहीं। वहीं, जब कोई अपराधी कानून की गिरफ्त से फरार हो जाता है, तब लुकआउट नोटिस जारी किया जाता है।
लुकआउट नोटिस को लुकआउट सर्कुलर भी कहा जाता है, कई बार लुक आउट नोटिस उन लोगों के खिलाफ जारी किया जाता है, जिनके लिए कानून का पालन करवाने वाली एजेंसियों की तरफ से अनुरोध किया जाता है। भारत में लुक आउट नोटिस गृह मंत्रालय द्वारा जारी किए गए कुछ दिशा निर्देशों का पालन करते हुए जारी किया जाता है।
एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि गलत तरीके से पासपोर्ट बनाकर विदेश भाग गए जालसाजों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। इसमें गगहा पुलिस को कामयाबी मिली है। कोलकाता एयरपोर्ट पर जहाज से उतरने ही एक वांछित आरोपी पकड़ा गया है। उसे लेने के लिए गगहा पुलिस की टीम भेजी गई है।