गोरखपुर। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के तहत मंगलवार को एनेक्सी सभागार में वृहद मेगा क्रेडिट कैंप आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने शिविर का शुभारंभ किया। मंडलायुक्त ने कहा कि बैंक युवाओं, किसानों और महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने और आवेदनों का तेजी से निस्तारण करने पर जोर दिया। कैंप में गोरखपुर मंडल के गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के बैंकों ने विभिन्न योजनाओं के तहत 10,400 आवेदनों के सापेक्ष करीब 476 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत व वितरित किए। इसमें गोरखपुर में 207 करोड़, महराजगंज में 44 करोड़, देवरिया में 144 करोड़ और कुशीनगर में 82 करोड़ रुपये के ऋण शामिल हैं। कार्यक्रम में 80 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति और वितरण के चेक भी दिए गए। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि बैंक ऋण के माध्यम से युवाओं, किसानों और महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर बैंक के अधिकांश कर्मचारी उपस्थित रहे।