- दोस्ती करके की जालसाजी, शाहपुर पुलिस ने दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके की एक महिला ने पड़ोसी महिला से दोस्ती कर उनके नाम पर 35 हजार रुपये का लोन ले लिया। किस्त जमा न होने से बैंक कर्मचारी महिला के घर पहुंचे तब पीड़िता को जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस चौकी और थाने पर शिकायत की। कार्रवाई न होने पर एसएसपी से गुहार लगाई जिसके बाद शनिवार रात शाहपुर पुलिस पूनम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के जंगल तुलसीराम स्थित आजाद नगर काॅलोनी निवासी रेखा ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि पति बाहर रहकर मजदूरी करते हैं।
पड़ोस की रहने वाली पूनम दोस्ती कर धोखे से आधार लेकर सूरजकुंड स्थित एक प्राइवेट बैंक से 35 हजार रुपये लोन ले ली और बताया कि ब्याज की रकम प्रतिमाह जमा कर देंगे। लेकिन कई महीने तक किस्त न जमा होने पर 15 सितंबर को बैंक कर्मचारी ब्याज की वसूली के लिए घर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी महिला के घर जाकर पूछने लगी तो विवाद के बाद मारपीट करने पर लगी। आरोप है कि इसके पहले भी रुपये ली हैं।
.............
विदेश भेजने के नाम पर नौ युवकों से की ठगी
भटहट। गुलरिहा थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर नौ बेरोजगारों से पांच लाख 92 हजार रुपये जालसाजी का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई गई है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के जंगल सखनी निवासी विनोद, जंगल डुमरी नंबर दो के शंकर, घनश्याम निषाद, राहुल, करन, दारा सिंह, संजय कुमार सहित नौ बेरोजगार युवकों का आरोप है कि विदेश भेजने के नाम पर इसी थाना क्षेत्र का एक व्यक्ति पांच लाख 92 हजार रुपये ले लिया और विदेश भी नहीं भेजा।
आरोप है कि युवकों ने अपना रुपया वापस मांगना शुरू किया तो आरोपी गाली व धमकी दे रहा है। इस संबंध में खपड़हवा चौकी इंचार्ज देवेंद्र दुबे ने बताया कि शिकायत मिली है। पूछताछ के लिए आरोपी को बुलाया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। ब्यूरो