लाइनमैन की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन
सहजनवां (गोरखपुर)। गीडा इलाके में संविदा लाइनमैन किशन निषाद (38) की मौत पर शुक्रवार की रात हंगामा हो गया। ग्रामीणों के साथ परिजन शव लेकर जुड़ियान बिजली उपकेंद्र का घेराव कर मुआवजे व सरकारी नौकरी की मांग कर रहे हैं। देर रात नायब तहसीलदार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार ने आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, कोल्हुई गांव निवासी किशन निषाद बुधवार को झुगिंया गांव में बिजली का तार ठीक करने गए थे। करंट लगने से वह नीचे गिर गए थे, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। मौत के बाद भी बिजली निगम की ओर से किसी के न आने पर नाराज परिजन ग्रामीणों के साथ उपकेंद्र पर शव लेकर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। उनकी मांग है कि एक लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए।
हंगामे की सूचना पर सहजनवां व गीडा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। समझा-बुझाकर पुलिस ने मामले को शांत कराया। नायब तहसीलदार ने हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए।