- दो दिवसीय भारतीय जीवन बीमा निगम उत्तर मध्य क्षेत्र एथलेटिक्स व वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दो दिवसीय भारतीय जीवन बीमा निगम उत्तर मध्य क्षेत्र एथलेटिक्स व वॉलीबाल चयन प्रतियोगिता सोमवार को रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम शुरू हुई।। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय जीवन बीमा निगम उत्तर मध्य क्षेत्र के प्रादेशिक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) सुशील गांधी ने किया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में मेरठ मंडल के शुभम, 400 मीटर की दौड़ में अलीगढ़ के गुलाब, 800 मीटर की दौड़ में हल्द्वानी के प्रमोद सिंह पाटनी, 1,500 मीटर की दौड़ में प्रयागराज के संदीप कुमार, 5,000 मीटर दौड़ में प्रयागराज के संदीप कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किए। महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में प्रयागराज की हाजरा खातून प्रथम स्थान पर रहीं। पुरुषों की हाई जंप व ट्रिपल जंप प्रतियोगिता में देहरादून के रितेश कुमार प्रथम, महिलाओं की ट्रिपल जंप में मेरठ की सोनम प्रथम स्थान पर रहीं। वहीं गोला फेंक प्रतियोगिता के पुरुष और महिला वर्ग में क्रमश: प्रयागराज के शिवम सिंह और प्रयागराज की अम्बे यादव ने बाजी मारी।
इससे पूर्व उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए गोरखपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक जेएस चौहान ने कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है कि हम जोनल मीट कर रहे हैं। खेलने से न केवल हम फिट रहते हैं, बल्कि इससे शारीरिक और मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी। एलआईसी, उत्तर मध्य क्षेत्र के स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य पुनीत शर्मा ने कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम उत्तर मध्य क्षेत्र के बारह मंडलों गोरखपुर, वाराणसी, इलाहाबाद ,कानपुर, मेरठ, आगरा, हल्द्वानी, लखनऊ, बरेली, अलीगढ़, फैजाबाद और देहरादून मंडल के 60 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।