दिल्ली, मुंबई, की फ्लाइट के 5 हजार से अधिक टिकट होंगे निरस्त दिल्ली और मुम्बई के लिए स्पाइस जेट ने शुरू की थी बुकिंग इंडिगो, एयर इंडिया ने बंद कर रखी थी अपनी बुकिंग गोरखपुर। लॉक डाउन खुलने - नहीं खुलने के असमंजस के बीच विमान कंपनी स्पाइस जेट ने गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए तीन मई के बाद की तारीखों में भी टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी थी। मगर लॉक डाउन बढ़ने की वजह से विमान कंपनी को गोरखपुर से दिल्ली, मुम्बई और वहाँ से गोरखपुर की 5 हजार से अधिक टिकेट कैंसिल करनी पड़ेगी। हालांंकि टिकट की बुकिंग शुरू करने वाली विमान कंपनियों ने उसी समय यह दोहराया था कि लॉक डाउन बढ़ा तो वे टिकट निरस्त कर यात्रियों को पूरा किराया लौटा देंगी। गोरखपुर से दिल्ली के लिए इंडिगो, स्पाइस जेट और एयर इंडिया से संबद्ध एयरलाइंस एयर की उड़ान होती है। वहीं मुंबई के लिए स्पाइस जेट और कोलकाता, हैदराबाद और प्रयागराज के लिए इंडिगो की एक-एक उड़ान होती है। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक विमान कंपनी इंडिगो और एयर इंडिया ने टिकटों की बुकिंग नही शुरू की थी। सिर्फ स्पाइस जेट ही तीन मई के बाद भी टिकट बुक कर रहा था। उधर लॉक डाउन की वजह से कैश वापस करने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए कुछ विमान कंपनियां एक साल के क्रेडिट नोट दे रही हैं। यानी कैसिंल हुई टिकट के खर्च से संबंधित यात्री साल भर में कभी भी एक यात्रा कर सकेगा।