गोरखपुर में राजस्व अभिलेखों से छेड़छाड़ व कूटरचना करने के आरोपी एक लेखपाल की जमानत अर्जी अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश ने खारिज कर दी। महराजगंज जिले के चौक थाना क्षेत्र के ग्राम मठिया मिश्रवलिया निवासी रामसनेही पर खजनी तहसील में लेखपाल रहते वक्त केस दर्ज हुआ था। अभियोजन पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता राम प्रकाश सिंह का कहना था कि उरुवा बाजार थाना क्षेत्र के बंजरिया निवासी वादी रामकृपाल यादव का मकान आबादी की जमीन में उत्तर पूरब ओर स्थित है। इसके सटे उत्तर भूमिधरी चकाउट की जमीन है। जिसमें वादी का मकान, चरन, नाद, खूंटा आदि बना हुआ है। लेखपाल पर आरोप है कि सरकारी अभिलेखों में फर्जी ढंग से आबादी के नक्शे में परिवर्तन करते हुए चकरोड दर्शा दिया गया है। लेखपाल पर राजस्व अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ व कूटरचना का आरोप है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयप्रकाश ने आरोप की गंभीरता को देखते हुए जमानत अर्जी खारिज कर दी।