फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: काठमांडो में श्रीमद् देवी भागवत के नेपाली संस्करण का विमोचन

Fri, 19 Apr 2024 06:04 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। नेपाल के काठमांडो में पशुपतिनाथ मंदिर स्थित तिलगंगा से सटे होटल आनंद पशुपति में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर आयोजित श्रीरामकथा में बृहस्पतिवार को गीता प्रेस के श्रीमद् देवी भागवत का नेपाली संस्करण का विमोचन किया गया। इस पुस्तक का विमोचन कथावाचक राजेंद्र दास महाराज ने किया। पुराणों की शृंखला में इसके पहले श्रीमद्भागवत महापुराण, शिव पुराण एवं विष्णु पुराण के बाद चौथे पुराण का नेपाली संस्करण प्रकाशित हुआ है। अब गीता प्रेस में 55 धार्मिक पुस्तकों का नेपाली संस्करण प्रकाशित हो चुका है।
विज्ञापन


गीता प्रेस के नेपाल केंद्र के व्यवस्थापक जय किशन सारडा ने कहा कि गीता भवन के निर्माण की जिम्मेदारी गीता प्रेस नेपाल के ट्रस्टी बिनोद कुमार मोर एवं निर्मल कुमार धानुका को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि आठ वर्ष पूर्व पशुपति मंदिर क्षेत्र, काठमांडो नेपाल में तीन कमरों की दुकान से गीता प्रेस की धार्मिक पुस्तकों को जनजन तक पहुंचाने का काम शुरू किया गया। इसके लिए गीता प्रेस नेपाल ने बोलेरो, पिकअप खरीदकर मोबाइल शॉप के रूप में तैयार किया है।
पहले साल 2016 में 25 लाख रुपये की धार्मिक पुस्तक बेची गई थी। सेठ जयदयाल गोयंदका ने 1922 में धार्मिक पुस्तकों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लेकर कोलकाता से अभियान शुरू किया था। जिसका मुख्य कार्यालय 23 अप्रैल 1923 से गोरखपुर में स्थापित हुआ।
विज्ञापन

इस दौरान गीता प्रेस के प्रबंधक डॉ. लालमणि तिवारी, गीता प्रेस नेपाल के अध्यक्ष जय किसन सारडा, गीता प्रेस पुस्तक प्रचार प्रसार केंद्र नेपाल के ट्रस्टी अंजनी नंदन मारू, भरत कुमार तोदी, पशुपतिनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक गणेश रावल भट्ट, पशुपति विकास कोष के सदस्य सचिव राजू कुमार कार्की आदि उपस्थित रहे।



नेपाल में तय की गई जिम्मेदारी
श्रीराम कथा में शामिल होने पहुंचे गोरखपुर गीता प्रेस के प्रबंधक लालमणि तिवारी ने गीता प्रेस नेपाल शाखा के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिसमें गीता प्रेस की नीतियों पर चर्चा करते हुए सदस्यों को नई जिम्मेदारी सौंपी। शिवरतन अटल को गीता प्रेस नेपाल की केंद्रीय समिति का पदेन सदस्य बनाते हुए उन्हें नेपाल के कार्यदल के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। अनुवाद संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी जय किसन सारडा की होगी। पशुपति विकास कोष से आगामी वार्ता का नेतृत्व ईश्वरी रिमाल करेंगे। काठमांडो में गीता भवन निर्माण करने के लिए विनोद जी मोर एवं उनके सहयोगी निर्मल कुमार धानुका को जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में गीता प्रेस नेपाल शाखा के अध्यक्ष जय किसन सारडा, उपाध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद रिमाल, भरत कुमार तोदी, सचिव अंजनी नंदन मारू, कोषाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, केंद्रीय समिति सदस्य विनोद कुमार मोर के साथ ही गीता प्रेस पुस्तक बिक्री केंद्र काठमांडो की संचालिका सुमित्रा सारडा व गीता प्रेस नेपाल कार्यदल के सदस्य शिव रतन अटल उपस्थित रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें