गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक एवं शोध पात्रता परीक्षा-2023 के लिए आवेदन प्रक्रिया शनिवार को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद उनको दो दिन तक आवेदन में सुधार का मौका दिया जाएगा। इसमें वे आवेदन फॉर्म में त्रुटि सुधार, आवश्यक संशोधन और अपने अद्यतन प्रमाणपत्र अपलोड कर सकेंगे। हालांकि, इस दौरान वे नाम, संवर्ग, पाठ्यक्रम के नाम, वेटेज, मोबाइल नंबर और ईमेल में कोई बदलाव नहीं करने की इजाजत नहीं होगी।
अभ्यर्थी अपने जाति या ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र को इसी अवधि में अपडेट भी कर सकेंगे। ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) अभ्यर्थियों के लिए तीन वर्ष के भीतर जारी (अर्थात तीन अप्रैल 2021 या उसके बाद निर्गत) प्रमाणपत्र लगाना अनिवार्य है। इसी प्रकार ईडब्ल्यूएस संबंधी वही प्रमाणपत्र मान्य होंगे जो इस वित्तीय वर्ष (एक अप्रैल 2024 को या उसके बाद निर्गत) में जारी होंगे।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि इस वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया में हर स्तर पर अभ्यर्थियों की सुविधा का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है। विस्तृत प्रवेश विवरणिका, सुगमतापूर्वक आवेदन एवं एकाधिक आवेदन के लिए ऑटोपोर्ट सुविधा के चलते आवेदकों को आसानी हुई है। यह प्रयास आगे के चरणों में भी जारी रखा जाएगा।