ऑल इंडिया प्राइजमनी लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी के आठवें सीजन का आगाज तीन मार्च से होगा। उद्घाटन मुकाबला रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर पूर्वाेत्तर रेलवे और चंडीगढ़ की टीम के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में बरिंदर सरन, आयुष बदोनी, उपेंद्र यादव, अंकित शर्मा समेत आईपीएल के कई खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।
लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी के सचिव डाॅ. त्रिलोक रंजन ने बताया कि ऑल इंडिया प्राइजमनी 20-20 लक्ष्य चैंपियंस ट्राॅफी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन तीन से 10 मार्च तक किया जा रहा है। लीग आधारित इस प्रतियोगिता को संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बीसीसीआई के अंपायर अश्विनी मंध्यानी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय बीसीसीआई स्तर के अंपायरों व स्कोरर की टीम की मौजूदगी में सभी मुकाबले होंगे। इस साल थर्ड अंपायर की भी व्यवस्था की गई है, जो मैच के दौरान मैदान में कैमरों से नजर रखेंगे। इससे रन आउट, स्टंपिंग समेत अन्य निर्णय देने में आसानी होगी।