गुलरिहा। इलाके के लंगड़ी गुलरिहा स्थित देसी शराब की भट्टी पर शराब पीने गए व्यक्ति की शुक्रवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। आशंका है कि हार्ट अटैक से मौत हुई है।
जानकारी के मुताबिक, नाहरपुर निवासी श्रीपत (45) क्षेत्र के एक भट्ठे पर ईंट लादने का काम करता था। शुक्रवार सुबह घर से भट्ठे पर काम करने निकला था। बताया जा रहा है कि भट्ठे पर जाने से पहले देसी शराब की दुकान पर पीने चला गया। उसी समय बूढ़ाडिह निवासी शेरा, गब्बर व दो अन्य समेत चार लोगों के साथ चखना लेकर भट्ठी पर शराब पीने पहुंचा था जहां उसकी मौत हो गई। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि शराब पीने के दौरान आपस में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ता देख एक व्यक्ति ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद श्रीपत की मौत हो गई। ब्यूरो