संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। कड़ाके की ठंड के बीच शुक्रवार को केंद्रीय विद्यालय नंबर-एक एयरफोर्स के बच्चे परीक्षा देने स्कूल पहुंचे। जिला प्रशासन के आदेश पर जहां जिले के सभी निजी व सरकारी स्कूल 20 जनवरी तक बंद हैं, वहीं आदेश को दरकिनार कर कक्षा एक से नौंवी तक के बच्चों की परीक्षाएं संचालित की गईं।
कड़ाके की ठंड व शीतलहर की वजह से कक्षा एक से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों को 18 जनवरी तक बंद रखने का आदेश डीएम ने दिया था लेकिन केंद्रीय विद्यालय नंबर एक एयरफोर्स में आदेश का अनुपालन नहीं हुआ। 15 जनवरी से ही सभी कक्षाओं की पढ़ाई हो रही है। हालांकि इस बीच अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं गए। बीमार पड़ने के डर से उनके अभिभावकों ने विद्यालय नहीं भेजा। 18 को एक बार फिर डीएम ने छुट्टी 20 जनवरी तक विस्तारित कर दी। बावजूद इसके अभिभावकों को मैसेज भेजकर स्कूल प्रशासन ने शुक्रवार से पीरियोडिक टेस्ट शुरु होने की जानकारी दी। मजबूरन अभिभावकों को शुक्रवार को कड़ाके की ठंड में बच्चों को स्कूल भेजना पड़ा।