बांसगांव। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अंशुमान सिंह के खिलाफ चल रहे प्रकरण के विरोध में मंगलवार को क्षत्रिय समाज के लोगों ने बाजार बंद कर प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोग कुलदेवी दुर्गा मंदिर से पैदल मार्च करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मलखान सिंह को सौंपा। प्रदर्शन करने वालों ने एकतरफा कार्रवाई रोकने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए 48 घंटे में कार्रवाई न होने पर वृहद आंदोलन की चेतावनी दी। बांसगांव चौखड़ी स्थित कुलदेवी दुर्गा मंदिर परिसर से शुरू हुआ पैदल मार्च तहसील कार्यालय पहुंचा। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह के पति व प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह बबलू और बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष यशवंत सिंह के नेतृत्व में लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। विरोध के चलते सुबह से ही बांसगांव की कई दुकानें बंद रहीं। बाजार बंद होने से तहसील आने वाले फरियादियों, अधिवक्ताओं और आम लोगों को चाय-पानी तक के लिए परेशानी उठानी पड़ी।