गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के पास डेढ़ एकड़ जमीन में हो रहा निर्माण
निजी फर्म की मदद से तैयार करवा रहा है जीडीए, ट्वाय ट्रेन, पेंट वाॅल और जीप लाइन खेल की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रामगढ़ताल क्षेत्र गोरखपुर एवं आसपास के लोगों के लिए पसंदीदा पर्यटन स्थल बन गया है। यहां आने वाले बच्चे बोर न हों, इसके लिए किड्स प्लेयिंग जोन बनाया जा रहा है। जीडीए ने निजी फर्म की मदद से गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के पास करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर इसका निर्माण शुरू कर दिया है। यहां पर पेंट वाॅल, जीप लाइन, बाॅलिंग वैली, ट्वाय ट्रेन, झूला, जंपिंग समेत खेलकूद के अन्य उपकरण लगने शुरू हो गए। जिम्मेदारों की मानें तो अक्तूबर तक इसे आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।
रामगढ़ताल आने वाले पर्यटक आमतौर पर नौका विहार और उसके आसपास ही घूमकर चले जाते हैं। साथ में आए बच्चे भी ताल तक ही सीमित रहते हैं। पर्यटकों की भीड़ को बांटने के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अन्य हिस्सों को भी विकसित करने का निर्णय लिया है। रामगढ़ताल आने वाले लोग आमतौर पर गंभीरनाथ प्रेक्षागृह की तरफ नहीं जाते। ऐसे में भीड़ को बांटने के लिए इस के बगल में स्थित करीब डेढ़ एकड़ जमीन में किड्स प्लेयिंग जोन के रूप में विकसित करा रहा है। यह किड्स जोन रामगढ़ताल बच्चों को लेकर आने वाले लोगों को आकर्षित करेगा। मंगलवार की दोपहर करीब 1:30 बजे किड्स जोन में ट्वाय ट्रेन का काम कराया जा रहा था। काम देख रहे अक्षत ने बताया कि बच्चों के खेलकूद के लगने वाले उपकरण आ गए हैं। उनको लगाने का काम किया जा रहा है। एक से डेढ़ माह में काम पूरा कर लिया जाएगा।
पिकनिक स्पॉट के रूप में किया जाएगा विकसित
किड्स प्लेयिंग जोन में बच्चों के खेलकूद के उपकरण के साथ उस स्थान को पिकनिक स्पॉट के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। जिससे की बच्चे खेलकूद का आनंद लेने के वहां पर घूम-फिर भी सकेंगे। यहां पर बच्चों को पेंट वाल, जीप लाइन, बालिंग वैली, ट्वाय ट्रेन, झूला आदि लगने वाले उपकरण खासा आकर्षित करेंगे।
वर्जन...
रामगढ़ताल इलाके में किड्स प्लेयिंग जोन का काम तेज गति से चल रहा है। काम कराने वाली फर्म ने उसके एक से डेढ़ माह में काम पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा है। वहां पर पेंट वाॅल, जीप लाइन, बाॅलिंग वैली, झूला समेत बच्चों के एडवेंचर के रूप में विकसित किया जाएगा।
आनंद वर्द्धन, उपाध्यक्ष, जीडीए