गोरखपुर। तेज गर्मी से परेशानी बढ़ी है। इसी में अगर किसी कारण डिहाइड्रेशन हो जाए तो इसका असर शरीर के अन्य अंगों की तरह ही किडनी पर भी पड़ता है। इससे मूत्र विसर्जन में दिक्कत के साथ-साथ अन्य परेशानियां भी हो सकती हैं। इसलिए डॉक्टरों की सलाह है कि गर्मी में खूब पानी पीएं। अगर डायरिया है तो लगातार ओआरएस का घोल पिलाते रहें, जिससे कि डिहाइड्रेशन की नौबत न आए।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. राजेश कुमार बताते हैं कि जब शरीर में पानी की कमी होती है तो उससे हमारे रक्त संचरण पर भी असर पड़ता है। तब किडनी को पर्याप्त मात्रा में खून नहीं मिलता, जिससे उसकी क्रिया मंद पड़ जाती है। इससे रक्त शोधन की गति धीमी होती है। इससे शरीर में मौजूद हानिकारक तत्वों का उत्सर्जन नहीं होता, जिससे संक्रमण बढ़ने लगता है। इस प्रकार पूरा चक्र ही बिगड़ जाता है। इसलिए गर्मी में खूब पानी पीते रहें। पानी की अधिकता वाले खाद्य पदार्थ जैसे खीरा, ककड़ी, खरबूज आदि का सेवन अधिक करें। चार घंटे पहले का बना खाना न खाएं। ब्यूरो