गोरखपुर। खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के तहत अधिग्रहित क्षेत्र में शनिवार को भी सर्वे जारी रहा। जीडीए के अधिकारियों ने टेक्निकल टीम के साथ सेक्टर दो के जमुना टोला में मकानों, खाली जमीनों और टीनशेड का जायजा लिया। जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि दो-तीन दिनों में सर्वे पूरा कराकर रिपोर्ट उपाध्यक्ष के सामने पेश की जाएगी। फिर बैठक करके आगे का निर्णय लिया जाएगा।
शनिवार को जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह अपनी टीम संग सेक्टर दो, जंगल सिकरी उर्फ खोराबार के जमुना टोले पर पहुंचे। यहां पर आधा दर्जन से अधिक मकान जीडीए क्षेत्र से बाहर पाए गए। स्थानीय टीम के कमलेश राय, रामदरश प्रसाद, संदीप मौर्या, बृजेश राय और अभिषेक शर्मा और अन्य ग्रामीणों से जानकारी ली। उधर, सेक्टर तीन में भी सर्वे का काम जारी रहा। लेखपाल जगदीश ने कर्मचारियों के साथ इलेक्ट्रानिक मशीनों की मदद से डिजिटल सर्वे किया।