जीडीए की ओर से शहरवासियों को नवरात्र में कई उपहार देने की तैयारी चल रही है। आशियाने के सपने किसके पूरे होंगे .. इसके लिए कुछ दिन और इंतजार करने की जरूरत है। खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के लिए ऑनलाइन लॉटरी निकालने की तैयारी में अधिकारी जुटे हैं। इसके अलावा कई अन्य योजनाओं के शुभारंभ को लेकर मंथन चल रहा है। विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनाने लिए वाटर पार्क से कबाड़ को खाली किया जा रहा है।
जीडीए की ओर से कई विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। इसमें खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के लिए ई लॉटरी की तैयारी में अधिकारी जुटे हैं। इस योजना में काम शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था। लोगों ने सीएम से मिलकर मकानों को बचाने की गुहार लगाई थी। इसके बाद जीडीए अधिकारियों और स्थानीय लोगों की टीम बनाकर सर्वे कराया गया।
योजना के तहत पूर्व में बसी आबादी को सुरक्षित किया गया। इसलिए ले आउट में आंशिक संशोधन भी करना पड़ा है। इसका प्रस्ताव 17 अक्तूबर को जीडीए बोर्ड की बैठक में लाया जाएगा। बोर्ड से प्रस्ताव के पास होने के बाद मंजूरी मिल जाएगी। हालांकि परियोजना में चहारदीवारी, मिट्टी समतलीकरण सहित अन्य काम शुरू करा दिए गए हैं।
ताल बाजार की मिलेगी सौगात
जीडीए की ओर से रामगढ़ताल के किनारे ताल बाजार बनाया जा रहा है। एक निजी फर्म को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। फर्म ने करीब 80 फीसदी से अधिक काम पूरा करा लिया है। फर्म की ओर से नवरात्र में शुभारंभ करने की तैयारी है।
कन्वेंशन सेंटर के लिए खाली कराई जा रही जगह
रामगढ़ताल के किनारे ही विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनाने की तैयारी चल ही है। इसके लिए वाटर पार्क की जगह को खाली कराया जा रहा है। वाटर पार्क के सामान को जीडीए ने नीलाम कर दिया था। इसका ठेका लेने वाली फर्म की ओर से सामान को हटवाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर परिसर खाली जाएगा। इसके बाद इस योजना के लिए आगे का काम शुरू होगा। 25 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर के निर्माण पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के लिए नवरात्र में ई लॉटरी की तैयारी है। जीडीए बोर्ड की बैठक के बाद इसकी तिथि घोषित कर दी जाएगी। कई अन्य योजनाओं को शुरू करने पर मंथन चल रहा है।
- आनंदवर्धन, उपाध्यक्ष जीडीए