- चिलुआताल पुलिस ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सह आचार्य समेत 38 पर दर्ज किया है डकैती व बलवा का केस
- पांच अप्रैल की घटना के बाद पुलिस अभी भी साक्ष्य के अभाव बता नहीं कर रही कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित मेडिकल स्टोर एक माह पूर्व हुए मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया लेकिन कार्रवाई इससे आगे नहीं बढ़ी। मेडिकल कॉलेज के सह आचार्य समेत 38 पर डकैती और बलवा जैसी गंभीर धारा में केस दर्ज करने के बाद भी अभी विवेचना प्राथमिक चरण में ही है। किसी की गिरफ्तारी या पूछताछ का तो सवाल ही नहीं उठता।
बता दें कि बीते पांच अप्रैल को बीआरडी मेडिकल कालेज के उत्तरी गेट पर स्थित न्यू विशाल मेडिकल स्टोर के संचालक प्रशांत किशोर के मेडिकल स्टोर के सामने दुकान का रास्ता रोककर किसी ने स्कूटी खड़ी कर दी थी। मना करने पर बीआरडी मेडिकल कालेज के फार्माेकोलॉजी विभाग के सह आचार्य डा. अनिल शर्मा नाराज होकर गाली देने लगे। कुछ देर बाद दो डॉक्टरों सहित लगभग 35 जूनियर डॉक्टरों के साथ दुकान पर पहुंचे। दुकानदार ने अपनी तहरीर में पुलिस को बताया कि डा. अनिल के ललकारने पर सभी जातिसूचक गाली दी और मेडिकल स्टोर में घुसकर कर्मचारियों को पीटने के साथ ही दो फ्रिज, काउंटर, रैक तोड़ दिया। काउंटर में रखे 22 हजार रुपये नकद व उनके भाई पीयूष का मोबाइल भी हमलावर लूटकर चले गए।
पुलिस इस मामले में मेडिकल स्टोर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट, लूटपाट व संचालक को जातिसूचक गाली देने की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ कैंपियरगंज को मामले की जांच सौंपी गई। घटना के एक माह बाद भी अभी विवेचना आगे नहीं बढ़ पा रही है।
वर्जन
मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ के आरोपी डॉक्टरों पर तत्काल केस दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना सीओ कर रहे हैं। अभी घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिससे कि इस मामले में वास्तविक दोषियों को कड़ी सजाई दिलाई जा सके। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर किसी प्रकार की नरमी नहीं होगी, चाहे वह कोई हो।
जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव- एसपी उत्तरी