चिलुआताल पुलिस ने मंगलवार देर रात मोहरीपुर-सिंहोरवा रोड स्थित अंडरपास के पास हेरोइन के साथ 25 हजार रुपये के इनामी झीनक निषाद को गिरफ्तार कर लिया। वह पिपराइच इलाके के जंगल धूषण चौकी क्षेत्र के हसनपुर गांव का रहने वाला है। आरोपी झीनक पिपराइच थाना क्षेत्र में पशु तस्करी का विरोध करने पर छात्र दीपक की हत्या के मामले में भी वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी झीनक पशु तस्करों को रास्ता दिखाने और पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देने का काम करता था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे वहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, चिलुआताल थाना अंतर्गत मजनू चौकी क्षेत्र के मोहरीपुर-सिंहोरवा रोड स्थित अंडरपास के पास मंगलवार देर रात मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि एक युवक ट्रांसपोर्टनगर से बंधे के रास्ते भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम झीनक निषाद बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक के डिब्बे में रखी गई 105 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि झीनक निषाद न केवल नशे के धंधे से जुड़ा था, बल्कि पशु तस्करी के नेटवर्क का भी अहम हिस्सा था। वह पशु तस्करों को सुरक्षित रास्तों की जानकारी देता था और पुलिस की गतिविधियों का इनपुट उपलब्ध कराता था। इसी नेटवर्क के चलते वह पहले से ही पुलिस के रडार पर था।
बीते 15 सितंबर की रात छात्र दीपक की हत्या के मामले की जांच के दौरान एसटीएफ ने चार पशु तस्करों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें झीनक निषाद का नाम भी सामने आया था।
आरोपी से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ और पशु तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनके खिलाफ भी साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में खपाने की तैयारी थी:
अनुराग सिंह, सीओ कैंपियरगंज