शाहपुर क्षेत्र के शिवपुर सहबाजगंज सेक्टर नंबर तीन में रिटायर्ड महिला दरोगा प्रभावती के एक महीने से बंद मकान में ताला तोड़कर चोरी हो गई। चोर करीब चार लाख के जेवर व एक लाख नकदी ले गए हैं। घटना की जानकारी सोमवार शाम को हुई, जब दरोगा का बेटा गोलू मकान पर पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के रौनापार क्षेत्र के बढ़डिहा निवासी प्रभावती राय उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा थीं। महराजगंज से वह रिटायर्ड हुईं हैं। उनकी बेटी की तबीयत खराब होने के कारण वे करीब एक माह पहले मकान में ताला लगाकर परिवार सहित आजमगढ़ चली गई थीं। इसी बीच चोर चहारदीवारी फांदकर घर में घुसे और मकान का ताला तोड़कर अलमारी से गहने व नकदी ले गए।
सोमवार शाम लगभग सात बजे प्रभावती का बेटा गोलू राय जब मकान पहुंचा तो देखा कि ताला टूटा है। अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उसने शाहपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया कि और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।