- दो दिन छिटपुट बारिश की संभावना के बीच उमस भरी गर्मी की संभावना
- 19 जुलाई से एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने का है अनुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मौसम में बदलाव के चलते सोमवार को दिन में तीखी धूप के साथ उमस भरी गर्मी सताती रही। अब दो से तीन दिन ऐसे ही मौसम बने रहने का अनुमान है। हालांकि, इस दौरान बादल छाने के साथ कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो होने का आसार है। 19 जुलाई से नया चक्रवाती परिसंचरण बनने से मौसम में बदलाव के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण के चलते 11 जुलाई के बाद बादल छाने के साथ बारिश होती रही। अब दबाव का क्षेत्र कमजोर बनने पर बारिश की संभावना कम हो गई है। दबाव का क्षेत्र कमजोर होने पर सोमवार को मौसम में बदलाव दिखा। दिन में तीखी धूप के साथ उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार दो से तीन दिन अभी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाने के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसाार 19 जुलाई के आसपास पश्चिमी मध्य और उसके सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव का आसार जताया गया है।