भारत में उभरते विकेटकीपर बल्लेबाजों में एक नाम उपेंद्र यादव भी है। पूर्वोत्तर रेलवे में तैनात उपेंद्र आईपीएल 2023 से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में हैं। पिछले सीजन खेलने का मौका तो नहीं मिला, लेकिन टूर्नामेंट के दौरान महेंद्र सिंह धोनी से हुई मुलाकात उनके लिए काफी खास रही। धोनी ने उन्हें विकेटकीपिंग और बैटिंग से जुड़ी सलाह दी जिसे उन्होंने खुद पर लागू किया और इस सीजन धमाल मचाने को तैयार हैं।
उपेंद्र दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं जो मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं। मूलरूप से कानपुर के रहने वाले उपेंद्र पूर्वोत्तर रेलवे में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 2023 सीजन के लिए इन्हें 25 लाख रुपये की कीमत में खरीदा था।
मुंबई ने भी 20 लाख की बोली लगाई थी, लेकिन सनराइजर्स को सफलता मिली। उस सीजन इनका डेब्यू नहीं हो पाया लेकिन सनराइजर्स ने इन्हें जाने नहीं दिया और 2024 के लिए रिटेन कर लिया।
इस सीजन मिल सकता है मौका
उपेंद्र का 2023 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में काफी शानदार प्रदर्शन रहा था। उन्होंने रेलवे की तरफ से छह पारियों में 301 रन बना थे। इसमें इनका स्ट्राइक रेट 175 का था। दो पारियों में वह नाबाद भी रहे। उपेंद्र ने बताया कि आईपीएल के लिए उन्होंने काफी तैयारी की है। टी-20 और वनडे सीजन भी अच्छा गया है। नेट में भी वह बॉल को अच्छे से टाइम कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि इस बार मौका मिल सकता है।
धोनी की सलाह काफी अहम
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मैच के बाद युवा खिलाड़ियों से काफी बात करते हैं और उन्हें खेल से जुड़ी सलाह देते हैं। उपेंद्र ने बताया कि धोनी उनके आदर्श हैं। उन्हीं को देखकर विकेटकीपिंग और मैच को फिनिश करने के गुर सीखे।
पिछले सीजन जब धोनी से मुलाकात हुई तो उन्होंने कई जरूरी सलाह दी। धोनी ने उन्हें बेसिक्स पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि ज्यादा कुछ नया करने के बारे में मत सोचो। आप जिसमें ठीक हैं उसी पर ध्यान दीजिए। उपेंद्र ने बताया कि यह सलाह उनके बहुत काम आई और इसके बाद उनके प्रदर्शन में सुधार भी आया।
अच्छे प्रदर्शन से मिलेगा मौका
देश में इस समय विकेटकीपर बल्लेबाजों में काफी प्रतिस्पर्धा है। ऋषभ पंत, ईशान किशन, संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल, जितेश शर्मा सहित कई खिलाड़ी टीम में अपनी जगह बनाने के लिए जूझ रहे हैं। इस पर उपेंद्र ने कहा कि प्रदर्शन में सुधार के लिए प्रतिस्पर्धा जरूरी है। जिसका प्रदर्शन अच्छा रहेगा उसी को टीम में जगह मिलेगी।
अगर वह आईपीएल में कमाल करते हैं तो उनके लिए भी भारतीय टीम के दरवाजे खुल जाएंगे। एनईआर के कोच रंजीत यादव ने बताया कि उपेंद्र का इस बार घरेलू सीजन काफी अच्छा रहा। इस बार उम्मीद है कि सनराइजर्स के लिए उनका डेब्यू हो जाएगा।