बीआरडी मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य, एसआईसी और मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष को पुलिस ने नोटिस भेजा है। नोटिस में एक जून को हुए मारपीट कांड में सात से आठ अज्ञात डॉक्टरों के बारे में पूछा गया है कि वे कौन हैं? यह नोटिस गुलरिहा थाने में तैनात एसआई और विवेचक पंकज कुमार सिंह की ओर से भेजा गया है। इस मामले में कॉलेज प्रशासन आरोपी डॉक्टर को एक माह के लिए पहले ही निलंबित कर चुका है।
जानकारी के मुताबिक, एक जून को देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र के कपरवार निवासी संदीप सिंह को मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन वार्ड नंबर 11, बेड नंबर 65 पर देर रात परिजनों ने भर्ती कराया था। मरीज के साथ उनकी पत्नी अंकिता सिंह थी। अगले दिन दो बजे मरीज ने जूनियर डॉक्टर से डिस्चार्ज करने की बात कही तो मना कर दिया। इस पर मरीज और डॉक्टर के बीच विवाद हो गया।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में हैवानियत: कैंपियरगंज में दोस्तों ने मदद के बजाय की दरिंदगी, दो हिरासत में
जूनियर डॉक्टरों पर मरीज की बेरहमी से पिटाई का आरोप लगा था। मामले में कॉलेज प्रशासन ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर पीजी की एक डॉक्टर को एक माह के लिए निलंबित कर दिया गया। इसी दिन देर शाम गुलरिहा पुलिस ने मामले में एक डॉक्टर समेत सात आठ अज्ञात जूनियर डॉक्टरों पर मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद मामले की विवेचना चल रही थी। विवेचना के क्रम में पुलिस ने नोटिस भेजकर अन्य डॉक्टरों की पूरी जानकारी मांगी है।