गोरखपुर। गीडा के विभिन्न सेक्टरों में प्लॉट आवंटन के लिए बुधवार को काउंसिलिंग शुरू हुई। गीडा कार्यालय में 55 आवेदक सम्मिलित हुए। शेष 57 आवेदकों काे बृहस्पतिवार को बुलाया गया है। इसी सप्ताह प्लॉटों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। मंडलायुक्त ने भी बुधवार को गीडा कार्यालय का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त व गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के अध्यक्ष अनिल ढींगरा ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पवन अग्रवाल के साथ कार्यालय का निरीक्षण किया। गीडा की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों, आवंटन प्रक्रिया, भूमि अधिग्रहण की प्रगति, एमओयू की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। मंडलायुक्त ने आवंटियों से मिली धनराशि की रिपोर्ट देने काे कहा।
मंडलायुक्त ने गीडा में चल रहे विकास कार्यों एवं प्लास्टिक पार्क, फ्लैटेड फैक्टरी इत्यादि के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने भूमि अधिग्रहण के नवीन प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय कराकर कार्रवाई का निर्देश दिया।