गला दबाकर छात्र की हत्या करने की पुष्टि, कुकर्म की धारा बढ़ाने की तैयारी में पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के गोरहडीह गांव में तीसरी कक्षा के छात्र आयुष की हत्या में नया मोड़ सामने आने की आशंका है। पोस्टमार्टम में कुकर्म का भी इशारा है। यही कारण है कि डॉक्टरों की टीम ने स्वाब का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है। इसी आधार पर पुलिस भी कुकर्म की धारा बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि रिपोर्ट के आधार पर आरोपी राम सिंह पर कुकर्म की धारा बढ़ाई जाएगी। क्योंकि, डॉक्टरों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रारंभिक तौर पर यह शक है कि हत्या से पहले कुकर्म किया गया था। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात भी सामने आई है कि छात्र की गला दबाकर हत्या की गई थी।
गला दबाने के दौरान वह बेहोश हो गया था। इस पर आरोपी ने उसे मरा समझ कर छोड़ दिया था। जबकि, उसकी धड़कनें चल रही थीं। बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचने के दौरान उसकी मौत हो गई थी। डॉक्टरों ने बताया कि अगर छात्र को दो घंटे पहले लाया जाता तो जान बचाने का प्रयास किया जा सकता था।
डॉक्टरों के मुताबिक जब उसे ले आया गया था तब तक उसकी धड़कनें महज तीन से चार प्रतिशत ही चल रही थीं। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के अलावा आरोपी के खिलाफ कुकर्म की धारा बढ़ाई जाएगी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।