गोरखपुर। जापान में चल रहे एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। भारतीय रेलवे कबड्डी टीम के कप्तान सुनील कुमार के नेतृत्व में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने संघर्षपूर्ण मैच में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सुनील कुमार पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय, गोरखपुर में अवर लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) की ओर से खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। इसी का परिणाम है कि रेलवे के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। भारतीय टीम की इस सफलता पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नरसा अनुज मित्तल, महासचिव अक्षय मिश्रा, कबड्डी सचिव अमरेश्वर निधान त्रिपाठी, सहायक क्रीड़ाधिकारी चंद्र विजय सिंह सहित नरसा के पदाधिकारियों ने सुनील कुमार और पूरी भारतीय टीम को बधाई दी।