जमानत पर छूटकर घर आया था आरोपी, धारा बढ़ाकर पुलिस ने की कार्रवाई
परिजनों ने अपहरण और अनहोनी की आशंका जताते हुए दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
हरपुर बुदहट। पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी संजय को पुलिस ने मंगलवार की रात फिर उठा लिया। वह जमानत पर छूटने के बाद हरपुर बुदहट इलाके के देवराड़ तुला गांव अपने घर आ गया था। आधी रात को देवरिया पुलिस उसे लेकर चली गई। उधर, पुलिस को परिजनों ने अपहरण की सूचना देते हुए अनहोनी की आशंका जताई है। बाद में देवरिया पुलिस के ले जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के देवराड़ तुला निवासी संजय ने रविवार की रात नौ बजे रोजगार नहीं मिलने पर नशे में धुत्त होकर डायल 112 पर फोन किया और खुद को अरुण बताते हुए पीएम व सीएम पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद वह सो गया था।
उधर, धमकी भरा फोन व अभद्रता की बात सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुटी थी। पुलिस ने सोमवार को आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मामूली धारा होने की वजह से उसे जमानत मिल गई। जमानत के बाद मंगलवार की रात में संजय अपने घर आ गया था। उसके घर पहुंचने से कुछ देर बाद ही कार से आए पुलिस वाले उसे लेकर फिर चले गए।