पुरानी रंजिश में जंगलदिर्घन गांव के विश्रामपुर टोला निवासी एक व्यक्ति के टिनशेड में रखी बाइक, साइकिल को आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने मंदिर परिसर में भी पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया गया। टिनशेड में रखे दो बाइक, साइकिल सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए। पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
जंगलदिर्घन के टोला विश्रामपुर में बीते माह एक युवती से छेड़खानी के मामले को लेकर पीड़िता के भाई की गांव के ही दो युवकों से कहासुनी हो गई थी। पीड़िता के भाई ने बेलीपार थाने में तहरीर देकर विकास निषाद और अरविंद निषाद पुत्र अनरजीत निषाद को आरोपी बनाया था। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए दोनों युवकों ने माफी मांगकर मामले में समझौता कर लिया था लेकिन शिकायतकर्ता से खार खाए हुए थे।
तीन मार्च को जब पीड़िता का भाई लखनऊ आरपीएफ की परीक्षा देने जा रहा था तभी आरोपियों ने शाम 6:30 बजे गांव के बाहर घेरकर उसे मारपीट कर घायल कर दिया था। इसके बाद लामबंद होकर दिलीप, समरजीत, अनरजीत व गौतम के साथ लाठी-डंडा लेकर पीड़ित के घर पर भी हमला कर दिया।
हमले में पीड़ित की मां और तीन बहनें घायल हो गईं। पीड़ित की एक बहन के सिर में गंभीर चोट आई है जबकि एक अन्य का हाथ टूट गया है। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों से शिकायत पर बौखलाए आरोपी
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर विकास व अरविंद पुत्र अनरजीत, दिलीप पुत्र रामदरस, अनरजीत व समरजीत पुत्र रामभजन और गौतम पुत्र समरजीत के विरुद्ध केस दर्ज कराया। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित युवक ने वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग की।
अधिकारियों से शिकायत के बाद बौखलाए आरोपियों ने बीती रातमंदिर के बगल में मौजूद टिनशेड को आग के हवाले कर दिया और मंदिर परिसर में भी पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। आग में पीड़ित युवक की बाइक, उसके चाचा की बाइक, एक साइकिल, विस्तर, अन्य सामान जलकर राख हो गए।
कुछ कुछ जरूरी दस्तावेज भी जलकर खाक हो गए हैं। आग की तेज लपटों से मंदिर की दीवार व फर्श काले पड़ गए। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर राजकुमार पुत्र रामदरस, विकास पुत्र अनरजीत, दिलीप पुत्र रामदरस, समरजीत पर रामभजन, अरविंद पुत्र अनरजीत को नामजद किया है। राजकुमार व अरविंद को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।
बेलीपार थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में लामबंदी काफी समय से चल रही है। इससे पहले भी दोनों पक्षों एक-दूसरे पर केस दर्ज करा चुके हैं। आगजनी की तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।