आत्महत्या के प्रयास की सूचना पर मौंके पर पहुंचे सीओ कौंपियरगंज गौरव तिवारी
- फोटो : अमर उजाला
गोला और चिलुआताल थाना क्षेत्र में शनिवार को दो प्रेमी जोड़ों ने खुदकुशी की कोशिश की थी। इसमें तीन की मौत हो गई। एक ही दिन दो ऐसी घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
गोला प्रतिनिधि के अनुसार, बारानगर गांव में दोपहर के समय सरयू में युवक और युवती कूद गए। राहगीरों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने नदी में कूदकर युवती को बचा लिया। वहीं, युवक की डूबने से मौत हो गई। उसका शव ग्रामीणों ने बाहर निकाला। बताते हैं कि सुरदापार राजा गांव के राजकेश यादव को बगल दोस्ती थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन तैयार नहीं थे।
इसलिए दोनों के मन में खुदकुशी का विचार आया। शनिवार की शाम को राजकेश को बंगलूरू जाना था। इससे पहले उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राजकेश की मौत के बाद प्रेमिका उसका सिर गोद में रखकर दहाड़ मारकर रो रही थी। काफी प्रयास के बाद भी वह शव छोड़ने का तैयार नहीं थी।
जगतबेला प्रतिनिधि के अनुसार, चिलुआताल थाना क्षेत्र में स्थित पानी की टंकी पर लगे रॉड पर दुपट्टे से फंदा लगाकर प्रेमी जोड़े झूल गए। इसमें दोनों की मौत हो गई। उनकी पहचान मजनू चौकी क्षेत्र के ग्राम सभा जमुआड़ की किंजल कन्नौजिया (19) व जगतबेला के निखिल निषाद (19) के रूप में हुई। दोनों ने पिछले साल एक ही स्कूल से नौवीं की परीक्षा पास की थी। घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। इसके बाद पानी की टंकी के पास ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
चिलुआताल और गोला में दोनों प्रेमी जोड़ों के खुदकुशी का प्रयास चर्चा का विषय बना हुआ है।