ठगी के शिकार छात्रों ने पुलिस ऑफिस आकर दिया प्रार्थना पत्र।
- फोटो : स्रोत-विज्ञप्ति
सिकरीगंज में न्यू गुरूकुल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नीकल एजुकेशन नाम से ऑफिस खोलकर जालसाजों ने कक्षा नौवीं, 10, 11 और 12 वीं के छात्रों को कंप्यूटर सीखने के साथ ही पैसा कमाने का प्रलोभन देकर 10 लाख रुपये से अधिक की जालसाजी की और फरार हो गए।
सोमवार को खजनी, माल्हनपार, भैंसा बाजार, सिकरीगंज और गीडा से पुलिस ऑफिस पहुंचे करीब 40 छात्रों ने यह आरोप लगाया और कार्रवाई के लिए डे अफसर को प्रार्थना पत्र दिया। डे अफसर ने खजनी थाने को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
पुलिस ऑफिस पहुंचे छात्रों ने बताया कि एक साल पहले सिकरीगंज में न्यू गुरूकुल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नीकल एजुकेशन का ऑफिस खोला गया। इसका डाएरेक्टर सिद्धार्थनगर में रहता है। इसमे बतौर शिक्षक के रूप में तैनात लोग गांव-गांव जाकर अपनी स्कीम छात्रों और अभिभावकों को बताते थे।
उन्होंने बताया था कि नौ से 12 वीं के छात्रों को ट्रिप्पल सी और डीसीए कोर्स कराया जाएगा। इस दौरान उन्हें प्रतिमाह तीन से चार हजार रुपये भी दिए जाएंगे। इसके लिए एक छात्र को 15 हजार 499 रुपये फीस जमा करनी होगी। कम उम्र में पढ़ाई के साथ रोजगार पाने की लालच में छात्रों ने अभिभावक से मांग कर रुपये जमा कर दिए। एक माह पहले सिकरीगंज स्थित ऑफिस में ताला बंद हो गया और उसके कर्मचारी भी लापता हो गए।
इसके बाद से ही छात्र व उनके अभिभावक उनकी तलाश कर रहे थे। छात्रों का आरोप है कि थाने पर भी शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, इसलिए पुलिस ऑफिस शिकायत करने आए हैं।