गगहा थाना क्षेत्र के मेहदिया गांव में बुधवार सुबह तीन बदमाशों ने एक महिला को बंधक बनाकर करीब तीन लाख के जेवर व पांच हजार नकदी लूट लिया। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। जानकारी के मुताबिक, कनीता देवी गांव में गगहा-गजपुर मार्ग पर स्थित अपने मकान में तीन छोटे बच्चों के साथ रहती हैं।
पति रोजगार के लिए बाहर रहते हैं। पीड़िता ने बताया कि वह बुधवार सुबह सोकर जैसे ही उठी और अपने कमरे का दरवाजा खोली तो घर में पहले से चेहरे को ढंक कर बैठे तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया। तीनों बदमाशों ने हाथ-पैर को दुपट्टे से बांध दिया। गले पर चाकू रखकर घर में रखे जेवरों के बारे में पूछने लगे।
उसने अपने और बच्चों की जान की खातिर बदमाशों को गहने के बारे में बता दिए। बदमाशों ने गहने और नकदी समेटने के बाद महिला को मारापीटा। इसके बाद बेहोशी की दवा सूंघाकर भाग गए। कुछ देर बाद जब बच्चे उठे तो मां का हाथ-पैर बंधा देख पड़ोसियों को बुलाया।