गगहा थाना क्षेत्र के भाटपार गांव निवासी व बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामनयन आजाद को तीन मनबढ़ युवकों ने सोमवार की देर शाम पीटकर घायल कर दिया। मनबढ़ों के हमले में रामनयन का सिर फट गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने युवकों को पकड़ लिया व गगहा पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस को दी तहरीर में रामनयन आजाद ने बताया कि सोमवार शाम सात वह घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने बताया कि तीन बाहरी लड़के किसी लड़की को लेकर नहर की ओर जा रहे हैं। मौके पर पहुंचने पर पता चला एक ई-रिक्शा में तीन युवक अपने कुछ साथियों का इंतजार कर रहे हैं।
रिक्शे में मौजूद युवकों से पूछताछ करने पर तीनों युवक बसपा नेता पर हमलावर हो गए। तीनों ने मिलकर बुरी तरह पिटाई कर हाथ में पहने कड़े से सिर फोड़ दिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया और गगहा थाने पर ले आए। इस संबंध में थानाध्यक्ष गगहा सुशील कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।