गोला थाना क्षेत्र निवासी ग्राम प्रधान ने बेटी की शादी तय की तो गुस्साए सिरफिरे युवक ने परिवार को पीटकर घायल कर दिया। शनिवार रात प्रधान, प्रधान के पति दो बेटी और बेटे के साथ मारपीट की। प्रधान के पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक सहित छह लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।प्रधान के पति ने पुलिस को बताया कि बेटी की शादी 21 अप्रैल को होनी है। आरोप लगाया कि गांव का युवक लंबे समय से बेटी से एकतरफा प्यार करता था। शनिवार शाम वह गांव स्थित एक दुकान पर गए थे।
वहां युवक मिला और शादी तोड़ने का दबाव बना रहा था। बेटी के होने वाले ससुराल में जाकर भी उसने धमकाया है। शाम को पुत्र शादी का कार्ड बांट कर घर लौट रहा था। तभी आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर बेटे को रोक लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर दी। जब मौके पर पहुंचा तो उन पर भी हमला किया।