घटनास्थल, जहां बच्ची घायल अवस्था में मिली
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में नौ माह की मासूम बच्ची के संदिग्ध परिस्थितियों में अर्धनग्न और घायल अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्ची के शरीर से खून निकल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटहट पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, महराजगंज जिले के पनियरा क्षेत्र निवासी एक दंपत्ति 10 वर्षों से गुलरिहा क्षेत्र में रह रहे है। दंपत्ति की एक नौ माह की बच्ची है। शुक्रवार रात बच्ची अपनी मां के साथ घर में सो रही थी। रात करीब दो बजे परिजनों की नींद खुली तो बच्ची बिस्तर पर नहीं थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने रात में ही आसपास काफी खोजबीन की,लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने घर से लगभग 500 मीटर दूर एक टीनशेड के पास बच्ची को अर्धनग्न और बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। उसके शरीर से खून निकल रहा था। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने बच्ची को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटहट भिजवाया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बच्ची की हालत को देखते हुए लोग उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जाहिर कर रहे है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक जे पी पाल ने बताया कि बच्ची को मेडिकल परीक्षण और इलाज के लिए भेजा गया है।