गैस सिलिंडर नहीं आने पर एक उपभोक्ता ने गूगल से कस्टमर केयर का नंबर खोजा। कॉल करने जालसाजों के बिछाए जाल में वह फंस गया। मोबाइल पर आए लिंक को उसने टच किया और खाते से 1.98 लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने गोरखनाथ थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोरखनाथ थाना क्षेत्र के चक्सा हुसैन पचपेड़वा निवासी आनंद स्वरूप मणि ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गैस की बुकिंग एक दिसंबर को किया। बुकिंग के बाद ऑनलाइन विकल्प आने पर भुगतान कर दिए। लेकिन, इसके बाद भी सिलिंडर घर पर नहीं आया।
सिलिंडर नहीं आने पर रुपये वापसी के लिए गूगल से कस्टमर केयर का नंबर निकाला। एक नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने के बाद रुपये वापसी के लिए एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करने पर चार बार में खाते से 1.98 लाख रुपये निकल गए। शिकायत साइबर अपराध थाने के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर किया। इसके बाद थाने जाकर केस दर्ज कराया है।