साल 2022 में कौशल्या एक हादसे में घायल हो गई थीं। इसके बाद वह चलने-फिरने और बोलने में असमर्थ हो गईं। इसके कुछ दिनों बाद एक दिन उनके घर मुंहबोला भतीजा अमन सिंह पुत्र जीतन सिंह पहुंचा। उस दिन कौशल्या की नातिन घर पर नहीं थी। अमन कौशल्या का इलाज कराने के बहाने उन्हें घर से ले गया। लेकिन वह डॉक्टर के यहां जाने से पहले उन्हें लेकर तहसील पहुंचा। वहां उसने कौशल्या से कहा कि दवा कराने से पहले उन्हें कुछ कागजात पर हस्ताक्षर करने होंगे।
कौशल्या उसकी बातों में आ गईं और कई सादे कागजात पर दस्तखत कर दिए। इसके बाद अमन ने उन्हें दवा दिलाई और फिर घर लाकर छोड़ दिया। आरोप है कि 12 सितंबर 2023 को अमन फर्जीवाड़ा कर खुद को उनका सगा भतीजा बताते हुए उनकी जमीन के सहन का हिस्सा और खेत अपने नाम करा लिया। इसकी कीमत इस समय दो करोड़ से अधिक है। एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
ऐसे खुला मामला
अमन ने कौशल्या सिंह के डाकघर के खाते में दो लाख रुपये भी ट्रांसफर कर दिए। एक दिन कौशल्या डाकघर पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि उनके खाते में दो लाख रुपये हैं। यह देख वह चौंक गईं। जब उन्होंने पड़ताल की तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनकी सहन की जमीन और खेत अमन और राजपति पत्नी श्रीकृष्ण के नाम हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस और अफसरों से की। फिलहाल, पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर जांच में जुटी है।