- विकास भवन में जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं परामर्शदात्री समिति की बैठक हुई
-योजनाओं में सभी हितग्राहियों को दावा राशि का भुगतान तय समय पर ही कराएं
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव मौजूदगी में व जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक विकास भवन सभागार में हुई। मुख्य अतिथि मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि गोरखपुर को विकास में अग्रणी स्थान दिलाने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन में सभी बैंक एवं बैंकर्स की बड़ी भूमिका है।
गोरखपुर के विकास को और भी आगे ले जाने में सभी बैंक इस कार्य को आगे भी बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी बैंक अपने कार्यप्रणाली को हमेशा जनता के हित के अनुसार बनाए ताकि उनकी रेटिंग हमेशा अच्छी रहे। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं में सभी हितग्राहियों को दावा राशि का भुगतान तय समय पर ही कराएं। बैठक में अध्यक्षता कर रहे जिला विकास अधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, स्टैंड अप योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एक जिला एक उत्पाद एवं अन्य शासकीय योजनाओं के साथ होम लोन एवं एजुकेशन लोन, एनपीए में सुधार की प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एमके श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में कृषि, उद्योग एवं अन्य प्राथमिकता एवं गैर प्राथमिकता क्षेत्रों में वर्ष 2023-24 में 6991.10 करोड़ के वार्षिक ऋण लक्ष्य के सापेक्ष 11526.73 करोड़ (114 प्रतिशत) का ऋण हितग्राहियों को दिए गए। वार्षिक ऋण लक्ष्य को न प्राप्त करने वाले बैंकों को इस वित्त वर्ष की समाप्ति से पूर्व लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश जिला विकास अधिकारी ने दिए। जनपद में ऋण जमा अनुपात (सीडी रेशियो) की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित अनुपात को प्राप्त के लिए सभी बैंक इस पर तेजी से कार्य करें। नए किसान क्रेडिट कार्ड एवं नवीनीकरण सहित कुल 91722 किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए।
स्टैंड अप योजना, ओडीओपी, की समीक्षा करते हुए जिला विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि लंबित सभी पत्रावलियों का जल्द से जल्द निस्तारण करें। बैठक में जिला अग्रणी बैंक अधिकारी एमके श्रीवास्तव, रिजर्व बैंक, नाबार्ड एवं अन्य वाणिज्यिक बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ संबंधित जिलास्तरीय विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।