कुछ डॉक्टर भाजपा प्रत्याशी का बैनर और पोस्टर लेकर चलना चाह रहे थे
सीनियर डॉक्टरों ने मामला संभाला, मतदान के लिए किया गया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से रविवार को निकाली गई मतदान जागरूकता रैली विवादों में घिर गई। रैली में कुछ डॉक्टर भाजपा प्रत्याशी डॉ. मंगलेश का बैनर और पोस्टर लेकर चलना चाह रहे थे। लेकिन, कुछ डॉक्टरों ने इस पर विरोध जता दिया। मामला बढ़ा और डॉक्टरों के दो गुट बन गए। इस पर सीनियर डॉक्टरों ने मामला संभाला और सभी को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद सीतापुर आई हॉस्पिटल से मतदान जागरूकता रैली निकाली गई।
बताया जा रहा है कि चिकित्सा सम्मेलन में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉक्टरों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगने की अपील की थी। इसके बीच आईएमए ने तय किया की जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। रविवार को सीतापुर आई हॉस्पिटल से निकलने वाली रैली में डॉक्टरों का एक गुट भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में पोस्टर और बैनर लेकर चलना चाह रहा था। इस पर कुछ डॉक्टरों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। मामला बढ़ा तो कुछ डॉक्टर रैली से कन्नी काटने लगे।
इस पर सीनियर डॉक्टरों ने मामले काे संभाला और सभी से रैली में शामिल होने की अपील की। डॉक्टरों के एक गुट ने शर्त रख दी कि रैली में तभी शामिल होंगे जब वह केवल मतदान जागरूकता के लिए हो। बातचीत के बाद दूसरे गुट के डॉक्टर अपने कदम पीछे खीचते हुए रैली बिना प्रचार-प्रचार के शामिल हुए।
फोटो-
सीतापुर आई हॉस्पिटल से निकली मतदान जागरूकता रैली
सीतापुर आई हॉस्पिटल से निकली मतदान जागरूकता रैली टाउन हॉल ,विजय चौक, तिवारी हाता, गोरखनाथ पुल होते हुए गोरखनाथ मंदिर गेट पर जाकर समाप्त हुई। आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि हमारे के लिए एक-एक वोट महत्वपूर्ण हैं। वोटिंग का प्रतिशत जितना बड़ा होगा, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत मानी जाएगी। सचिव डॉ. अमित मिश्रा ने बताया वोट देते समय हमें निष्पक्ष रूप से अच्छी छवि वाला योग्य प्रत्याशी चुनना चाहिए। इस मौके पर मीडिया प्रभारी डॉ. इमरान अख्तर, उपाध्यक्ष डॉ. वाई सिंह, डॉ. नीरज श्रीवास्तव, डॉ. एके छापड़िया, डॉ. जेपी जायसवाल, डॉ. आरपी त्रिपाठी, डॉ. संजीव सिंह, डॉ. पीसी शाही, डॉ. आरपी शुक्ला, इंडियन डेंटल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ जेएन शुक्ला आदि मौजूद रहे।