हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के अपने परिणाम से असंतुष्ट छात्र-छात्राएं स्क्रूटनी (सन्निरीक्षा) के लिए 12 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सचिव दिव्यकांत शुक्ल की ओर से जारी पत्र के अनुसार लिखित एवं प्रयोगात्मक खंड के लिए 500 रुपये प्रति प्रश्नपत्र की दर से शुल्क निर्धारित है। स्क्रूटनी से संबंधित आवश्यक निर्देश बोर्ड की वेबसाइट
upmsp.edu.in पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदित विषयों के लिए निर्धारित शुल्क चालान के माध्यम से राजकीय कोषागार में जमा करेंगे। उसके बाद स्क्रूटनी के ऑनलाइन फॉर्म के प्रिंटआउट के साथ चालान पत्र संलग्न कर रजिस्टर्ड डाक से बोर्ड के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को 12 जुलाई तक भेजेंगे।
क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार से खुलेगी ग्रीवांस सेल
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राओं की परिणाम संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए बुधवार से सभी पांचों क्षेत्रीय कार्यालयों प्रयागराज, मेरठ, बरेली, वाराणसी और गोरखपुर में ग्रीवांस सेल खोली जाएगी। छात्र-छात्राओं के अंकपत्र सह प्रमाणपत्र में नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि या किसी अन्य विवरण में त्रुटि हो तो सेल में प्रत्यावेदन देकर संशोधन करा सकते हैं।
अंकपत्र में माता का नाम भी रहेगा अंकित
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की ओर से सत्र 2021-22 के अंकपत्र में विद्यार्थी के नाम के साथ ही माता-पिता का नाम हिंदी और अंग्रेजी लिखा होगा। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी अंकपत्र और प्रमाणपत्र एक ही होगा। विद्यार्थियों को डिजिटल सिग्नेचर वाला अंकपत्र सह प्रमाणपत्र मिलेगा। यह लगातार दूसरा मौका है, जब अंकपत्र सह प्रमाणपत्र में पिता के साथ मां का नाम अंकित रहेगा।