लोकसभा चुनाव : अंतिम दिन 21 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा
गोरखपुर से 32 और बांसगांव से 11 प्रत्याशी हैं चुनाव मैदान में, नामांकन पत्रों की जांच आज
काजल निषाद, डॉ राम समुझ, सदल प्रसाद सहित कई प्रत्याशियों ने दो-तीन सीट में फिर से नामांकन दाखिल किया
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर चल रहे नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन मंगलवार को कुल 21 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इसमें गोरखपुर संसदीय सीट से 16 और बांसगांव से पांच प्रत्याशी शामिल हैं। इसके अलावा कुछ प्रत्याशियों ने दुबारा भी पर्चे भरे। जिसे लेकर दोनों लोकसभा सीटों में कुल मिलाकर अब तक 39 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे हैं। नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को की जाएगी, जबकि नाम वापसी 17 मई को होगा।
गाेरखपुर लोकसभा सीट से मंगलवार को मुस्लिम मजलिस पार्टी के जमीरुद्दीन अहमद, जनता शासन पार्टी के चंद्रशेखर सिंह, बहुजन मुक्ति पार्टी के अमिता भारती, राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी के रमाकांत, भारतीय युवाजन एकता पार्टी के अंकित शाह, राष्ट्रवादी विकास पार्टी के विजय कुमार भारती, निर्दल साहबजादा, मृदुल कुमार श्रीवास्तव, कन्हई, प्रेम प्रकाश, लालधारी यादव, अशोक, अनिल यादव, महेंद्र कुमार, रेखा, राजन यादव ने पर्चा भरा। वहीं, इंडिया गठबंधन (समाजवादी पार्टी) की काजल निषाद, निर्दल आनंद कुमार यादव व राष्ट्रीय सुरक्षा पार्टी के जितेंद्र ने दोबारा नामांकन पत्र जमा किया। जबकि बांसगांव लोकसभा क्षेत्र से नामांकन करने वालों में निर्दल प्रत्याशी गया प्रसाद, मुरलीधर, राजेंद्र चौधरी, सिकंदर तथा राकेश भी शामिल रहे। इनके अलावा इंडिया गठबंधन के सदल प्रसाद, बहुजन समाज पार्टी के डॉ राम समुझ तथा निर्दल श्रवण कुमार निराला ने दोबारा पर्चा भरा।
बॉक्स में
सामान्य प्रेक्षक ने किया दोनों नामांकन कक्ष का निरिक्षण
लोकसभा चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद आए सामान्य प्रेक्षकों में गोरखपुर लोकसभा के प्रेक्षक आईएएस नथमल डिडेल व बांसगांव लोकसभा क्षेत्र की प्रेक्षक आर मेनका ने गोरखपुर लोकसभा नामांकन स्थल व बांसगांव लोकसभा नामांकन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिटर्निंग अफसर व उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। नामांकन कक्ष का जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्णा करुणेश ने भी निरीक्षण कर जायजा लिया।