गोरखपुर। बरसात का मौसम निकट है, लेकिन अभी कई बड़े नालों का निर्माण अधूरा है। ऐसे में लोगों की चिंता है कि मोहल्लों में जलभराव का सामना न करना पड़े। हालांकि, प्रशासन का जोर है कि नालों का निर्माण कार्य बरसात से पहले पूरा हो जाए। अगर कहीं-कहीं ऐसा नहीं हो पाए तो प्रशासन के पास प्लान बी भी है। अफसरों का कहना है कि 22 जून तक जहां भी नाले पूरे नहीं हो पाएंगे, वहां कच्चे ड्रेन और पंपसेट के जरिए पानी की निकासी की जाएगी।
शहर में फोरलेन-सिक्सलेन निर्माण के दौरान कई नाले अभी अधूरे हैं। पैडलेगंज-नौसड़ सिक्सलेन, पैडलेगंज-फिराक गोरखपुरी चौक फोरलेन व गोड़धोइया नाला निर्माण का काम बरसात तक पूरा कर पाना आसान नहीं है। पैडलेगंज-नौसड़ सिक्सलेन पर दाउदपुर की ओर नाला निर्माण हो गया है, लेकिन सिक्सलेन के किनारे बने नाले से कॉलोनियों की सभी नालियों को नहीं जोड़ा गया है। इस कारण कॉलोनियों में पानी भरने की आशंका है। इसके साथ ही दूसरी ओर इंदिरानगर क्षेत्र के आसपास नाला निर्माण अधूरा है।
बुधवार को पेट्रोल पंप के पास तेज धूप में श्रमिक कार्य में जुटे थे। अधिकारियों ने रात में भी कार्य कराया, लेकिन अभी भी यहां ज्यादा काम शेष है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार नाला निर्माण का कार्य 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है, लेकिन कॉलोनियों की नालियों को मुख्य नाले से नहीं जोड़ा गया तो बरसात में दिक्कत बढ़ सकती है।
पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौक तक निर्माणाधीन फोरलेन पर नाला निर्माण अधूरा है। दीवानी न्यायालय की ओर नाला निर्माण हो गया है, जबकि कैंट थाने के पास से फिराक गोरखपुरी की मूर्ति तक नाला नहीं बना है। इस कारण दाउदपुर क्षेत्र में बरसात में पानी भरने की आशंका है। लोक निर्माण विभाग के एई रंजन सिंह ने बताया कि नाला निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बारिश शुरू होने से पहले कार्य पूरा हो जाएगा।
गोड़धोइया नाले का निर्माण भी अधूरा
गोड़धोइया नाले का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन अभी भी ज्यादा काम शेष है। हालांकि, जल निगम के अधिकारियों का दावा है कि तीन किमी नाला निर्माण हो गया है और बरसात में दिक्कत नहीं होगी। जेल बाईपास रोड के पुल के पास करीब तीन किमी ऊंची नाले की दीवार बना दी गई है, लेकिन सरिया ऊपर दिखाई दे रहा है। ऐसी स्थिति में पानी ओवरफ्लो हुआ तो उन मकानों को क्षति पहुंच सकती है, जिसका कुछ हिस्सा तोड़ा गया है। जल निगम के अधिकारियों का दावा है कि बरसात से पहले नाला से जल निकासी की पूरी व्यवस्था हो जाए।
पैडलेगंज-नौसड़ सिक्सलेन निर्माण में सबसे पहले नाला बनाने की आवश्यकता है। नाला अधूरा होने से कॉलोनियों में पानी भरने की समस्या आएगी। कॉलोनियों की नालियों का पानी निकालने की व्यवस्था होनी चाहिए।
- अमरजीत, दाउदपुर
अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर नाला निर्माण कराना चाहिए। सड़क का बड़ा प्रोजेक्ट है। आम आदमी की सुविधा का ध्यान देना चाहिए।
- अमित कुमार गुप्ता, दाउदपुर
अब मिलेगा बिजली का शटडाउन
लोक निर्माण विभाग ने पैडलेगंज-नौसड़ सिक्सलेन, देवरिया बाईपास फोरलेन एवं खजांची ओवरब्रिज के निर्माण में बाधक बिजली के खंभे हटाने के लिए प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक शटडाउन मांगा है, लेकिन बिजली निगम के अनुसार भीषण गर्मी में लगातार शटडाउन देने से उपभोक्ताओं की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता एलबी सिंह ने बताया कि विकास कार्यों के लिए शटडाउन दिया जाएगा, लेकिन दो-तीन दिन के अंतराल पर।
सभी निर्माण कराने वाली कार्यदायी संस्थाओं को 22 जून का लक्ष्य दिया गया है। जहां पर नाला अधूरा रह जाएगा वहां कच्चा नाला बनाकर जल निकासी का प्रबंध किया जाएगा। ताकि वैकल्पिक व्यवस्था हो सके। अधूरे सभी नालों के पास पंपसेट की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया है।
- कृष्णा करुणेश, डीएम