सीएम योगी ने किया संगम सुपर स्पेशियलिटी आई हास्पिटल का उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन वाली केंद्र व प्रदेश सरकार जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए संवेदनशील और पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए चलाई जा रही योजनाओं को यदि आम जन तक पहुंचा दिया जाए तो कोई व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में दम नहीं तोड़ेगा।
सीएम योगी ने बुधवार को तारामंडल क्षेत्र में संगम सुपर स्पेशियलिटी आई हास्पिटल का उद्घाटन करने के बाद जनसमूह को संबोधित रहे थे।
सीएम ने कहा कि गोरखपुर स्वास्थ्य सेवा का नया हब बन चुका है। छह वर्ष पहले यहां का इकलौता बीआरडी मेडिकल काॅलेज बीमार था। आज वहां सुपर स्पेशियलिटी शुरू होने के साथ अनेक संभावनाएं बढ़ गई हैं। वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश में मात्र 12 मेडिकल कालेज थे, आज सभी 75 जिलों में मेडिकल कालेज बन चुके हैं या बन रहे हैं। तराई, बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गोरखपुर पर निर्भर हैं, इसलिए यहां ऐसे केंद्र की स्थापना करने की जरूरत है जो उनकी जरूरतें पूरी कर सके। इसमें सरकार व निजी क्षेत्र दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के आरपीआई इंस्टीट्यूट की तरह यहां भी आंख का एक बड़ा केंद्र निजी क्षेत्र को विकसित करना चाहिए। जिसे सभी नेत्र रोग विशेषज्ञ मिलकर संचालित करें। मुख्यमंत्री का स्वागत हास्पिटल के संचालक डा. वाई सिंह ने किया।
इस अवसर पर मेयर डा. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डा. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ला, अलका सिंह, मानवेंद्र सिंह, आशुतोष सिंह, अशोक मिश्र आदि उपस्थित रहे।